Monday, May 4, 2026

सूरैन का हीरो - भाग 11

वह कमरे से तेज़ी का साथ बाहर निकला और अब दौड़ता हुआ महल से बाहर जा रहा था। होठों पर बस ज़ारा का ही नाम था। फिर बड़ी मुश्किल से उसके वज़ीर सिक्योरिटी गार्डस उसे रोक पाये।


-----

बाकोल के सम्राट हाबू ने भी अपने दरबार में बैठे हुए डायनासोर को ज़ारा की कार हड़प करते हुए देखा और कहकहा मारकर हंस पड़ा।

‘‘वो बेवकूफ समझते हैं कि डायनासोर कार को चट कर गया। उन्हें मालूम ही नहीं कि हमारे स्पेशल रोबोट ने उसे किडनैप कर लिया है।’’

इस वक्त दरबार में वे वैज्ञानिक भी मौजूद थे जिन्होंने उस मॉन्स्टर रोबोट का निर्माण किया था। सम्राट के साथ साथ वह सभी हंसने लगे। वह लोग देख रहे थे कि सूरैन की आर्मी लगातार उस रोबोट पर किरणें बरसा रही थी लेकिन उसके ऊपर कोई असर नहीं हो रहा था।

कार को हड़पने के बाद डायनासोर कुछ दूर ज़मीन पर दौड़ा फिर एकाएक हवा में उठने लगा। ये एक और आश्चर्य था सूरैन की आर्मी के लिये। क्योंकि वहां पर उड़ने वाले डायनासोर तो पाये ही नहीं जाते थे।

अब उससे मुकाबले के लिये आर्मी को एक बार फिर अपना प्लान बदलना पड़ा और अब उस डायनासोर के चारों तरफ फाइटर प्लेन मंडरा रहे थे। फिर उन्होंने भी उसपर घातक किरणों की बौछार कर दी। ये किरणें पहले से कुछ अलग टाइप की थीं। लेकिन ये देखकर हाबू की हंसी में इज़ाफा हो गया कि उस मॉन्स्टर रोबोट पर ये नयी तरह की किरणें भी बेअसर साबित हुई थीं।

‘‘तुम लोगों ने बहुत मज़बूत और शानदार रोबोट बनाया है। शाबास।’’ हाबू ने अपने वैज्ञानिकों को तारीफी नज़रों से देखा। और वे सभी चौड़े हो गये।

‘‘सम्राट ये रोबोट सिर्फ न्यूक्लियर बम से ही तबाह किया जा सकता है।’’ एक वैज्ञानिक ने जानकारी दी।

‘‘और न्यूक्लियर बम वे लोग छोड़ेंगे नहीं, वरना उन ही का बड़ा इलाका तबाह हो जायेगा।’’

अब मॉन्स्टर रोबोट सूरैन के वायंमुडल के बाहरी हिस्से में पहुंच चुका था। और जल्दी ही उसने सूरैन ग्रह को काफी पीछे छोड़ दिया। और साथ ही सूरैन की आर्मी को भी। हालांकि सूरैन की आर्मी द्वारा छोड़ी गयी इक्का दुक्का किरणें अभी भी आकर उससे टकरा रही थीं लेकिन ऐसा ही मालूम हो रहा था जैसे कुछ फूल उसके ऊपर फेंके जा रहे हैं।

जल्दी ही वह मॉन्स्टर रोबोट बाकोल के वायुमंडल में प्रवेश कर गया। अब उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता था क्योंकि पूरा बाकोल ग्रह निहायत मज़बूत सुरक्षा घेरे में था।

वह विशाल रोबोट सीधे बाकोल के राजमहल के मैदान में ही आकर उतरा।

उसी समय हाबू ने देखा, मास्टर पंजुम उससे सम्पर्क कर रहा था। उसने मुस्कुराकर मास्टर पंजुम की काल रिसीव कर ली।

‘‘हाबू, तुमने बहुत बुरा किया है। अब हम बाकोल का वह अंजाम करेंगे कि तुम सोच भी नहीं सकते।’’

‘‘तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते सम्राट पंजुम, क्योंकि तुम्हारी आर्मी तो हमारे एक तुच्छ रोबोट को ही नहीं हरा पायी। और अब तो तुम्हारी बेटी भी हमारे पास चुकी है।’’ हाबू कुटिल अंदाज़ में हंसते हुए बोला।

‘‘क्या मतलब?’’ मास्टर पंजुम चौंक कर बोला, ‘‘उसे तो तुम्हारे मान्स्टर रोबोट ने खत्म कर दिया है।’’

‘‘अपनी होने वाली बहू को हम ऐसे कैसे खत्म कर सकते हैं। तुम मेरे प्लान से बुरी तरह गच्चा खा गये हो मास्टर पंजुम। तुम्हारी बेटी का दरअसल किडनैप हो चुका है और अब वह हमारे कब्जे़ में है। बेहतर था कि तुम हमारी ऑफर शराफत के साथ कुबूल कर लेते तो आज ये शादी दोस्ताना माहौल में हो रही होती। लेकिन अब तो तुम अपनी बेटी से कभी मिल भी नहीं पाओगे। अच्छा अब मैं सम्पर्क काटता हूं। अभी तुम्हारी बेटी को किसी ढंग की जगह पर रखना होगा, जब तक कि वह हमारे बेटे से शादी के लिये तैयार नहीं हो जाती।’’

‘‘वह मर जायेगी लेकिन अपने प्यार को छोड़कर तुम्हारे भोंदू लड़के के साथ कभी शादी के लिये नहीं तैयार होगी।’’ सम्राट ठोस आवाज़ में बोला।

‘‘अगर नहीं तैयार हुई तो हम उसके साथ ज़बरदस्ती करेंगे लेकिन शादी तो मेरे बेटे से ही होगी।’’ कहते हुए उसने मास्टर पंजुम से सम्पर्क काट दिया।

अब वह अपनी कुर्सी से उठ खड़ा हुआ लेकिन उसी समय पीको दौड़ता हुआ अन्दर दाखिल हुआ और उससे लिपट गया।

‘‘डोडी आप महान हो। आपने मेरे लिये ज़ारा मंगवा दी।’’

‘‘पीको बेटे, तेरा बाप इस गैलेक्सी का सबसे महान सम्राट है। तू जो अपने मुंह से निकालेगा हम उसे तुरन्त पूरा कर देंगे। अब चलो तेरी होनी वाली पत्नी से मिलते हैं।’’ दोनों महल में मौजूद एलीवेटर के ज़रिये जल्दी ही उस जगह पहुंच गये जहाँ डायनासोर नुमा मॉन्स्टर रोबोट मौजूद था और उसे चारों तरफ से महल सिक्योरिटी के जवान घेरे हुए थे अपनी बंदूक़ें ताने हुए।

‘‘ये क्या बदतमीज़ी है।’’ हाबू ने मेन सिक्योरिटी गार्ड को डाँटा, ‘‘सामने से जो हस्ती उतरने वाली है उससे इज़्ज़त से पेश आओ।’’

‘‘सम्राट की जय हो।’’ उस गार्ड ने सर झुकाकर कहा, ‘‘जैसे ही वह सामने आयेगी हमारी बंदूकें उसपर फूल बरसायेंगी। लेकिन एहतियात रखते हुए इन बंदूकों में बेहोशी की किरणें भी मौजूद हैं क्योंकि सूरैन से अपने वाली हस्ती आपको और राजकुमार को नुकसान भी पहुंचा सकती है।’’

‘‘ठीक है।’’ फिर सम्राट ने मॉन्स्टर रोबोट को हुक्म दिया, ‘‘अपने पेट का दरवाज़ा खोलकर सूरैन की राजकुमारी को बाहर निकालो। ज़रा हम भी तो दीदार करें उसका।’’

वह डायनासोर या मान्स्टर रोबोट तुरन्त अपने पिछले पैरों पर खड़ा हो गया और अगले पैरों यानि हाथों से अपने पेट को किसी दरवाज़े की तरह खोलने लगा। फिर उसने खुले हुए पेट के अन्दर हाथ डाला और ज़ारा की कार बाहर निकाल कर रख दी जिसका इंजन अभी भी चालू था।

‘‘तुमने इसे कोई नुकसान तो नहीं पहुंचाया?’’ आशंकित नज़रों से हाबू ने उसकी ओर देखा।

‘‘नहीं सम्राट इस कार को खरोंच भी नहीं आयी है।’’ रोबोट ने बिल्कुल इंसानों के ही अंदाज़ में जवाब दिया।

‘‘अब बाहर निकल आओ मेरी बहू। अब पीको के साथ तुम्हारी शादी दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।’’ उसकी आवाज़ के बदले में दूसरी तरफ से सन्नाटा ही रहा।

‘‘उसको अदब के साथ बाहर निकाल कर ले आओ।’’ सम्राट ने अपने वज़ीरों की तरफ देखा जो अब तक वहाँ पहुंच चुके थे। वज़ीरो का चेहरा उतर गया। क्योंकि कार के अन्दर मौजूद ज़ारा उनपर हमला भी कर सकती थी। लेकिन हाबू का हुक्म तो मानना ही था वरना खुद हाबू ही झल्लाकर उनपर हाथ छोड़ सकता था।

बहरहाल वहां मौजूद वज़ीरों में से दो आगे बढ़े और ज़ारा की कार तक पहुंच गये। फिर उनमें से एक बोला।

‘‘प्लीज़ आप कार खोलकर बाहर जायें ताकि हम आपका स्वागत कर सकें।’’

शायद उनकी बात का असर या लहजे की विवशता अन्दर मौजूद ज़ारा तक पहुंच गयी और कार का दरवाज़ा धीरे धीरे खुल गया।

अब सम्राट वहां मौजूद सबने देखा। कार से ज़ारा उतरी और इस तरह सम्राट की ओर बढ़ने लगी मानो किसी ने उसे हिप्नोटाइज़ कर दिया है।

अचानक सम्राट हाबू चौंककर अपनी तरफ आने वाली ज़ारा को गौर से देखने लगा।

‘‘धोखा। ये ज़ारा नहीं है।’’

सम्राट की बात पर चौंककर सभी ज़ारा को गौर से देखने लगे।

‘‘तुम ज़ारा नहीं हो। कौन हो तुम?’’ सम्राट ने चीखकर पूछा।

‘‘मैं ज़ारा हूं। एक डॉल। एक नन्ही मुन्नी सी डॉल।’’ उसके मुंह से इस तरह की खरखराहट जैसी आवाज़ निकल रही थी मानो अन्दर कोई माइक फिट है और लगातार चलने के कारण घिस गया है।

‘‘ये एक गुड़िया है। नकली। एक अच्छी प्लास्टिक से बनाई गयी ज़ारा की डुप्लीकेट।’’ सम्राट अब तक पहचान चुका था।

उसकी बात सुनते ही वहाँ मौजूद सभी हक्का बक्का रह गये और पीको चकरा कर गिरते गिरते बचा।

‘‘मैं यहाँ शादी करने आयी हूं। मेरे साथ कौन शादी करेगा?’’ गुड़िया की सपाट आवाज़ सम्राट हाबू के तनबदन में आग लगा रही थी। अब गुड़िया अपना यही डायलाग सपाट आवाज़ में बार बार दोहराने लगी थी।

‘‘बेवकूफ रोबोट, ये तू क्या उठा लाया है?’’ सम्राट गुस्से में दहाड़ा।

रोबोट की जगह कोई इंसान होता तो सम्राट की दहाड़ सुनकर बेहोश हो जाता लेकिन भला रोबोट को किस बात का डर।

‘‘मैंने इसे ज़ारा के रूप में रिकाग्नाईज़ किया, सो इसे लेकर चला आया।’’ रोबोट भी गुड़िया की तरह ही सपाट आवाज़ में बोला।

‘‘लेकिन ये ज़ारा नहीं है। तुझे इंसान और गुड़िया का फर्क नहीं पता?’’

‘‘मैंने इसे ज़ारा के रूप में इसकी आवाज़ से रिकाग्नाइज़ किया।’’ रोबोट ने फिर अपनी सफाई दी।

‘‘अब तुझे कोई रिकाग्नाईज़ नहीं कर पायेगा।’’ कहते हुए सम्राट हाबू ने झपट कर एक गार्ड के हाथ में मौजूद खास तरह की गन झपट ली और रोबोट को निशाना लेकर ट्रिगर दबा दिया।

दूसरे ही पल वह रोबोट आग पर रखे घी की तरह गलने लगा था।

‘‘मेरे साथ कौन शादी करेगा? मैं शादी करना चाहती हूं।’’ गुड़िया फिर अपने पुराने स्टाईल मे बोली और सम्राट ने झल्लाकर उसे भी निशाना बना दिया। गुड़िया को पिघलने में डायनासोर रोबोट से भी कम टाईम लगा।

‘‘इस गधे रोबोट का यही अंजाम मुनासिब था। और वो साइंटिस्ट किधर हैं जिन्होंने इस गधे रोबोट को बनाया?’’ सम्राट अपने वज़ीरों की तरफ घूमकर बोला। और फिर चारों तरफ उन गधे वैज्ञानिकों की तलाश में नज़र दौड़ाने लगा। लेकिन उस वक्त कोई भी उनमें से मौजूद नहीं था वरना शायद सम्राट के गुस्से का निशाना वह भी बन जाता।

‘‘सम्राट अगर हम इसे दोबारा सूरैन पर भेज देते तो शायद यह इस बार कामयाब हो जाता।’’ एक वज़ीर डरते डरते बोला। इस वक्त सम्राट का ध्यान भटकाना भी ज़रूरी था।

‘‘अब वो लोग होशियार हो गये हैं इसे दोबारा वहाँ उतरने ही नहीं दिया जायेगा। ज़ारा को लाने की कोई दूसरी तरकीब निकालनी होगी।’’ सम्राट चुप होकर कुछ सोचने लगा।

‘‘डोडी, आप ने वह गुड़िया क्यों खत्म कर दी? मुझे उससे खेलना था। वो गुड़िया कितनी अच्छी थी बिल्कुल ज़ारा के जैसी।’’ पीको ठुनक कर बोला।

‘‘पीको बेटा। हम तुम्हारे लिये असली गुड़िया लाने वाले हैं। अब हमने भी ज़िद ठान ली है कि सूरैन की राजकुमारी को हर हाल में लाकर रहेंगे।’’

‘‘डोडी अब मुझसे रहा नहीं जा रहा है। ये गुड़िया होती तो ज़ारा के आने तक मैं इसी से दिल बहलाता। इसके साथ प्यार मोहब्बत के जुमले बोलकर प्रैक्टिस करता ताकि ज़ारा के आने पर प्राब्लम होती।’’ पीको अब गुड़िया के खत्म होने पर काफी नाराज़ दिखाई देने लगा था।

‘‘कोई बात नहीं पीको बेटे। हम अपने कारीगरों से कहकर इससे अच्छी गुड़िया बनवा देंगे। बिलकुल असली ज़ारा मालूम होगी।’’ हाबू ने अपने बेटे को पुचकारा ‘‘अब हम जा रहे हैं उसे लाने की कोई और तरकीब सोचने। मंदोरा किधर है?’’ उसने चारों तरफ देखा, ‘‘उसे इस वक्त मेरे पास होना चाहिए था।’’

-----

मंदोरा सम्राट हाबू का खास वज़ीर था और निहायत साज़िशी ज़हन का मालिक था। सम्राट का मुंहचढ़ा भी था इसलिए उसकी अक्सर गुस्ताखियों को सम्राट टाल जाता था। क्योंकि हाबू को बाकोल का सम्राट बनाने में मंदोरा के साज़िशी ज़हन का खास हाथ था।

उसी ने साज़िशें करके बाकोल के पुराने सीधे सादे सम्राट का आर्मी के हाथों तख्ता पलट करा दिया था और फिर हाबू को बाकोल की गद्दी पर कब्ज़ा करवा दिया था। पुराना सम्राट अपने परिवार सहित जेल में सड़ रहा था और मंदोरा इस समय बेफिक्री के साथ एक खेत के बीच से चला जा रहा था जहाँ अफीम नुमा कोई फसल बोयी हुई थी।

बीच बीच में कुछ पत्तियां तोड़कर चबाने भी लगता, लिहाज़ा थोड़ी ही देर में हल्का नशा भी सवार हो गया था उसकी खोपड़ी पर। खेत का मालिक अगर देख भी रहा था तो उसे कुछ कह नहीं सकता था क्योंकि मंदोरा के साज़िशी ज़हन से वहाँ का बच्चा बच्चा वाकिफ था।

---- जारी है

No comments: